
पौड़ी/पाबों। जिले के पाबौ ब्लॉक अंतर्गत ढिक्वाली गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, यहां पहाड़ से गिरने से एक महिला की जान चली गई।

मृतका की पहचान कांति देवी के रूप में हुई है, जो रोजमर्रा की तरह अपनी बकरियों को चराने के लिए जंगल की ओर गई थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरी ढलान में जा गिरीं। घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया और श्रीनगर रेफर करने की तैयारी चल रही थी, लेकिन इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार चोटें बेहद गंभीर थीं, जिनसे उबर पाना संभव नहीं हो पाया।
ग्राम प्रधान सचिन रावत ने बताया कि कांति देवी एक साधारण परिवार से थीं। उनके पति शंकर सिंह ट्रक चालक हैं और परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और गांव में शोक का माहौल है।

