
श्रीनगर गढ़वाल। रविवार दोपहर अलकनंदा नदी में नहाते समय एनआईटी श्रीनगर का छात्र डूब गया। वह अपने साथियों के साथ नदी में गया था, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें छात्र की तलाश में जुटी हुई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बीटेक कंप्यूटर साइंस तृतीय वर्ष का छात्र आनंद सोहन (23 वर्ष) निवासी तेलंगाना रविवार शाम करीब चार बजे अपने चार दोस्तों के साथ अलकनंदा नदी में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान नदी का जलस्तर और बहाव तेज होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और धारा में बह गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के चलते वह कुछ ही क्षणों में आंखों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही श्रीनगर पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। छात्र की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च अभियान चलाया गया। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
वहीं स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने और खतरनाक स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

