
देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज में एक महिला कर्मचारी द्वारा एक मुस्लिम महिला डॉक्टर पर कथित धार्मिक उत्पीड़न और भेदभाव का आरोप लगाने के बाद बवाल मच गया है। उपनल के माध्यम से दून मेडिकल कॉलेज में काम करने वाली महिला कर्मी ने आरोप लगाया है कि कॉलेज में काम करने वाली एक मुस्लिम महिला डॉक्टर द्वारा उसे दून मेडिकल कॉलेज परिसर में बने मंदिर में पूजा-पाठ, तिलक और धार्मिक आस्था से जुड़े कार्यों को लेकर प्रताड़ित किया गया है।

कार्रवाई नहीं हुई तो कॉलेज में किया जायेगा बड़ा प्रदर्शन
हालांकि कॉलेज की प्राचार्य ने महिला के सभी आरोपों से इंकार किया है लेकिन डॉक्टर पर आरोप लगाने वाली महिला के समर्थन में हिन्दू संगठन हिन्दू रक्षा दल ने कॉलेज के बाहर धरना देकर प्रबंधन को बुधवार तक महिला डॉक्टर पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। हिन्दू रक्षा दल के अध्यक्ष ललित शर्मा ने कहा है कि अगर समय पर कार्रवाई नहीं होती तो कॉलेज में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
उच्च अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद नहीं किया समाधान
महिला का यह भी कहना है कि जिस तरह का भेदभाव उसके साथ हो रहा है उसकी शिकायत उसने कॉलेज प्रशासन, आंतरिक समितियों और महिला आयोग तक दर्ज कराई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। महिला का कहना है कि कई बार कॉलेज के उच्च अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं किया गया।
महिला के समर्थन में उतरा हिंदू रक्षा दल
महिला द्वारा लगाए गए इन आरोपों के बाद अब इस मामले में हिंदू रक्षा दल महिला के समर्थन में उतर गया है। संगठन ने आरोप लगाया कि महिला के साथ धार्मिक आधार पर भेदभाव किया जा रहा है और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगा। इससे पहले शनिवार को संगठन ने कॉलेज परिसर में धरना दिया है जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने अब इस मामले में हिन्दू संगठन को सोमवार को बातचीत के लिए बुलाया है। हिन्दू रक्षा दल के अध्यक्ष का कहना है कि अगर प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो बुधवार से संगठन इस मामले में बड़ा प्रदर्शन कॉलेज परिसर में शुरू करेगा।
कॉलेज की प्राचार्य ने महिला कर्मचारी के आरोपों को नकारा
वहीं इस पूरे मामले में कॉलेज की प्राचार्य ने महिला कर्मचारी के आरोपों को नकार दिया है प्राचार्य गीता जैन का कहना है कि महिला ने जो आरोप एक डॉक्टर पर लगाए हैं वो निराधार है फिर भी मामले की जांच की जा रही है उन्होंने बताया कि जो महिला आरोप लगा रही है उसकी कई शिकायते मिली हैं इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है जिसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

