
देहरादून। उत्तराखंड सरकार तीन महीने का राशन एडवांस में एक साथ दे रही है, पर ये राशन लेने के लिए लोगों को खूब पसीना बहाना पड़ रहा है। अभी एक राशन कार्ड पर ढाई किलो चांवल, 5 किलो गेहूं पर माह, के हिसाब से तीन महीने के साढ़े सात किलो चांवल और 15 किलो गेहूं मिल रहे हैं।


बताते चलें कि आर्केडिया ग्रांट के बनियावाला और सेवली में काफी जनसंख्या निवास करती है। कुछ महीने पहले बनियावाला में ही सरकारी राशन की दुकान थी। समय से राशन भी मिल जाता था। पर कुछ समय पहले बनियावाला के पुराने राशन विक्रेता ने दुकान चलाने से मना कर दिया। अब खाद्य विभाग ने मोहनपुर के राशन विक्रेता सुधीर प्रीतम को दोनों जगह की दुकानें आबंटित कर दी है।
मोहनपुर राशन विक्रेता के पास पहले ही बहुत लोड़ है अब बनियावाला और सेवली वालों को राशन भी वहीं से मिल रहा है, तो कई चक्कर लगाने के बाद और कई घंटे खड़े रहने के बाद राशन मिल पा रहा है। राशन लेने गए कई लोगों ने बताया कि सुबह 8 बजे लाइन पर लगना पड़ रहा है तब जाकर एक बजे नंबर आ पाया। कई लोगों ने कहा कि दो तीन से लगातार वापिस जा रहे हैं। कई बुर्जुगों ने कहा कि हमें अपने गांव के पुराने दिन याद आ गए हैं, जब गांव की सब महिलाएं एक दिन सरकारी राशन लेने बाजार जाती थी तो सुबह जाकर शाम को ही वापिस आ पाते थे।
वहीं राशन विक्रेता का कहना है कि तीन महीने का राशन एक साथ वितरित करने में बड़ी दिक्कत आ रही है। एक तो तीन महीने की अलग -अलग एंट्री करनी पड़ रही है, और दूसरे कई लोगों के थंब मैच नहीं हो पा रहे हैं तो इसमें काफी समय लग रहा है।
बनियावाला और सेवली के उपभोक्ताओं का कहना है कि हमारे लिए बनियावाला में ही राशन की दुकान खोलने का प्रबंध किया जाय, नहीं तो आंदोलन करना पड़ेगा।

