
नियम का उल्लंघन करने वालों पर लगेगा ₹51,000 जुर्माना

चंबा। जनपद टिहरी के विकासखंड चंबा के ग्राम पंचायत जड़धार में आयोजित एक आम बैठक में ग्रामीणों ने सामाजिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सार्वजनिक समारोहों में शराब न परोसने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया है। इस निर्णय का जो भी उल्लंघन करेगा उससे अर्थदंड वसूला जाएगा।
रविवार को विकासखंड चंबा की ग्राम पंचायत जड़धार गांव में ग्राम पंचायत एवं महिला मंगल दल की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। जिसमें उपस्थित महिलाओं ने इस बात पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि शराब का प्रचलन बढ़ने से गांव का सामाजिक माहौल खराब हो रहा है, और इससे सर्वाधिक युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। इसलिए गांव में सार्वजनिक रूप से शराब परोसना गलत है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भविष्य में कोई भी परिवार अब गांव में किसी भी शादी, मुंडन, जन्म दिन, पार्टी, श्राद्ध, लकड़ी फड़ाई, लिंटर ढलान आदि सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर सख्त रोक रहेगी।
यदि कोई व्यक्ति इस नियम का उल्लंघन करता है और सार्वजनिक समारोह में शराब परोसता पाया जाता है, तो उस पर ₹51,000 का जुर्माना वसूला जाएगा। इसके साथ ही ऐसे आयोजनों में कोई भागीदारी नहीं करेगा। महिला मंगल दल और गांव के अन्य लोगों ने इस निर्णय को सख्ती से लागू कराने की जिम्मेदारी ली है। ग्रामीणों ने गांव के भीतर और आसपास शराब की बिक्री पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में जल्द ही पुलिस और जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि प्रशासनिक स्तर पर भी इस पहल को मजबूती मिल सके।
इस मौके पर पर्यावरणविद् और समाजसेवी विजय जड़धारी ने कहा कि शराब एक बहुत बड़ी बुराई है, जिससे हमारा गांव समाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और इसके दुष्परिणाम कई रूपों में सामने आ रहे हैं। इसलिए इस बुराई को रोका जाना जरूरी है, और यह कार्य महिलाएं ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि यदि हमारा समाज जागरूक नहीं होगा तो, आने वाली पीढ़ी का भविष्य अंधकार में होगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान धनवीर सिंह जड़धारी ने कहा कि यह निर्णय गांव व समाज के हित में लिया गया है, सभी की भागीदारी व सहयोग से शराबबंदी अभियान को सफल बनाया जाएगा। वहीं महिला मंगल दल की अध्यक्ष ममता देवी व अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है उसके तहत यह समाज हित का सबसे बड़ा कार्य हैं। बैठक के अंत में सभी ग्रामीणों ने नशा मुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में पूर्व प्रधान प्रीति जड़धारी, रेखा जड़धारी, वन सरपंच राजेंद्र नेगी, धनवीर सिंह, चंद्र सिंह, आशीष जड़धारी, विनीता देवी, मासान्दी देवी, बैशाखी देवी, दिनपाल सिंह, रविंद्र सिंह, कविता देवी, आशा देवी, सरोजनी देवी, पूनम थापा आदि मौजूद थे।
