
चमोली। जनपद के दशोली विकासखंड के अंतर्गत निजमुला घाटी का मौली हडूंगा गांव में शुक्रवार सुबह जंगल में चारा-पत्ती लेने गई एक महिला पेड़ से गिरकर घायल हो गई। गांव तक सड़क न होने के कारण ग्रामीण उन्हें डंडी-कंडी के सहारे करीब आठ किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक लाए। इसके बाद 108 एम्बुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हडूंगा गांव निवासी गुड्डी देवी पत्नी वीरेंद्र सिंह रोज़ाना की तरह शुक्रवार सुबह जंगल में चारा-पत्ती लेने गई थी। इसी दौरान पेड़ से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से चोटिल हो गईं। गांव तक सड़क न होने के कारण घायल महिला को अस्पताल पहुंचाना किसी चुनौती से कम नहीं था। वैसे भी आजकल गांवों में बहुत कम लोग रह गए हैं, फिर भी ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को डंडी-कंडी के सहारे ऊबड़-खाबड़ रास्तों से होते हुए मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एम्बुलेंस से जिला अस्पताल गोपेश्वर में ले जाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से कई बार सड़क के लिए गुहार लगा चुके हैं पर जनप्रतिनिधि ध्यान ही नहीं दे रहे हैं, इस बात को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष भी है। उनका कहना है कि गांव में कभी कोई बुजुर्ग बीमार हो जाता है या कोई चोटिल हो जाता है तो न तो यहां आसपास कोई स्वास्थ्य सुविधा है और न हॉस्पिटल पहुंचाने का साधन।
