
पौड़ी/ पोखड़ा। जनपद के चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा तिमली के तोक ग्राम भतकोट में गुलदार ने एक चार वर्ष की बच्ची को निवाला बना दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे भतकोट गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।


मिली जानकारी के अनुसार, पोखड़ा के भतकोट गांव में रात करीब नौ बजे 4 वर्षीय दृष्टि रावत अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक बच्ची पर हमला बोल दिया और उसे उठाकर अंधेरे में गायब हो गया। परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण और वन विभाग की टीम ने तुरंत खोजबीन शुरू की, लेकिन काफी तलाश के बाद घर से करीब एक किलोमीटर दूर बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। वन संरक्षक गढ़वाल, आकाश वर्मा के अनुसार, इलाके में गुलदार की सक्रियता को देखते हुए गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए गांव के पास पिंजरा भी लगाया जा रहा है ताकि आदमखोर को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में गुलदार लगातार सक्रिय है और कई बार इसकी सूचना विभाग को दी गई थी। इसके बावजूद समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, जिसका खामियाजा एक मासूम को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। फिलहाल, वन विभाग ने ग्रामीणों को शाम के समय घरों से बाहर न निकलने और बच्चों को अकेला न छोड़ने की सख्त हिदायत दी है।
