
नैनीताल। जनपद के भवाली-हल्द्वानी रोड पर गेठिया के निकट आज सुबह 8.30 बजे एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि, दो व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया है।

नैनीताल आपदा कंट्रोल रूम से प्रातः 8.40 बजे एसडीआरएफ को सूचना मिली कि भवाली-हल्द्वानी रोड पर गेठिया के निकट एक कार खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही नैनीताल एसडीआरएफ पोस्ट से रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। कार में कुल चार लोग सवार थे। दो लोगों अंकित चौधरी पुत्र धर्मेंद्र कुमार (25), निवासी उन्नाव एवं अभिराज पुत्र अशोक कुमार (26), निवासी पीतांबर नगर, भाग-2, उन्नाव की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
जबकि, गंभीर रुप से घायल अतुल दुबे पुत्र सुनील कुमार (26) उन्नाव एवं श्याम पुत्र राम सुमेर (30), निवासी पीतांबर नगर, भाग-2, उन्नाव को एसडीआरएफ ने खाई से बाहर निकालकर नजदीकी चिकित्सालय हल्द्वानी भेजा गया।
