
पौड़ी। जनपद के चौबट्टाखाल तहसील के ग्राम धस्मानी में गुरुवार शाम एक गुलदार ने 11 वर्षीय बालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। बालक अपने घर के छज्जे पर बैठकर पढ़ाई कर रहा था, तभी गुलदार ने उस पर हमला किया। परिजनों के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग गया।

घटना में घायल दीपक सिंह पुत्र सतेंद्र सिंह को परिजन तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय पौड़ी रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत नाजुक होने पर बालक को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।
क्षेत्र में गुलदार के लगातार बढ़ते हमलों से ग्रामीणों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
वन दरोगा आशीष बलोदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल बालक का उपचार जारी है। वन विभाग की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और रात में गश्त की जा रही है।
