
– मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूरी घटना के दिए मजिस्ट्रेट जाँच के आदेश

पहाड़ का सच/ एजेंसी।
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह साध नगर की एक पाँच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 3 मासूम बच्चों समेत 9 लोगों की जलकर मौत हो गई है।
आग सुबह करीब 7 बजे लगी, जिसके बाद दमकल की 30 गाड़ियों ने मौके पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू किया। घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार आग इमारत के बेसमेंट में स्थित कपड़ों और कॉस्मेटिक्स के स्टोर से शुरू हुई और ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। धुएँ और लपटों के बीच घिरे कम से कम दो लोगों ने जान बचाने के लिए इमारत से छलाँग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अब तक 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली फायर सर्विस के कर्मियों ने लोगों को बचाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में प्रवेश (35) कमल (40), आशु (32) और 12, 6 और 5 साल की तीन नाबालिग लड़कियां शामिल हैं, जिन्हें मणिपाल अस्पताल ले जाया गया था।
आईजीआई अस्पताल में करीब 38 साल एक महिला को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि लगभग 40 साल के एक पुरुष और दो साल की एक बच्ची का इलाज चल रहा है। सफदरजंग अस्पताल में 19 साल के एक युवक को भर्ती कराया गया है। वह 25% झुलस गया है।
हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पूरी घटना की मजिस्ट्रेट जाँच के आदेश दे दिए हैं। CM ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह इस घटना से अत्यंत व्यथित हैं।

