Lavc60.20.101

हल्द्वानी। हल्द्वानी की व्लॉगर ज्योति अधिकारी की एक बार फिर से मुश्किलें बढ़ गई है। व्लॉगर ज्योति अधिकारी और उनके पति समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ काठगोदाम कोतवाली में दंगा भड़काने की साजिश समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में नामजद आरोपियों में ज्योति अधिकारी का सौतेला भाई भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी आरोपियों को बयान दर्ज कराने के लिए जल्द कोतवाली बुलाया जाएगा। बताया जा रहा है कि पिछले तीन महीनों के भीतर ज्योति अधिकारी के खिलाफ यह आठवां मुकदमा दर्ज हुआ है।

ताजा प्रकरण में पुलिस ज्योति समेत दो महिला व्लॉगरों का शांतिभंग में चालान कर चुकी है। पूरे मामले में महिला व्लॉगर सुनीता भट्ट निवासी जोशी कालोनी छोटी मुखानी ने काठगोदाम थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें सुनीता ने कहा कि शीशमहल के पास चौपाटी में उसका स्टॉल है। 11 मार्च को महिला व्लॉगर ज्योति अधिकारी ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के माध्यम से शाम को उसके फूड स्टाॅल पर आकर मारने की धमकी दी थी। साथ ही कई लोगों से फोन कराकर उसे मारने, बदनाम करने और उनकी सात साल की बेटी को उठाने की धमकी भी दिलवाई गई। आरोप है कि शाम को ज्योति अधिकारी, उसका पति गोपाल अधिकारी, कमल जोशी व 7-8 अन्य लोग उसके स्टॉल पर आ धमके और उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं स्टॉल पर तोड़फोड़ कर उसे धमकाया भी गया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है के कुछ महीने पहले ही ब्लॉगर ज्योति अधिकारी ने सार्वजनिक स्थान पर दरांती लहराने और कुमाऊं के देवी देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान बाजी करने पर कुछ दिन जेल में गुजारनी पड़ी थी। पुलिस ने एक बार फिर से ज्योति अधिकारी और उनके पति के साथ-साथ अन्य लोगों के खिलाफ गाली गलौज मारपीट करने और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया है।
