
देहरादून । बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उत्तराखंड की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें राजनीति से मोहभंग हो रहा है और ऐसे हालात में संन्यास लेने के अलावा कोई विकल्प नजर नहीं आता।


बताते चलें कि अजेंद्र अजय काफी समय से सरकार की नीतियों को लेकर नाराजगी जताते रहे हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड और केदारनाथ धाम से सोना चोरी के मामले जैसे मुद्दों पर भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी असहमति प्रकट की थी।
अब अपनी ताजा पोस्ट में अजेंद्र अजय ने लिखा कि उत्तराखंड में इस समय जो राजनीतिक परिदृश्य देखने को मिल रहा है, उससे राजनीति के प्रति मोहभंग होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने कहा था कि तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा, लेकिन वर्तमान परिस्थितियां ऐसी हैं जिसकी कल्पना कार्यकर्ताओं और देवभूमि की जनता ने नहीं की थी।
उन्होंने आगे लिखा कि छात्र जीवन से ही राष्ट्रवाद और सनातन के प्रति उनकी गहरी आस्था रही है। इस कारण उन्हें कई बार आरोपों का सामना भी करना पड़ा, लेकिन वे कभी व्यथित नहीं हुए। हालांकि अब स्थिति ऐसी बन रही है कि वे विपरीत कार्यों के साथ खड़े दिखाई पड़ रहे हैं और उनके प्रति मौन समर्थन देना पड़ रहा है।
अजेंद्र अजय ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में उन्हें राजनीतिक जीवन से संन्यास लेने के अलावा कोई अन्य विकल्प नजर नहीं आ रहा।
