
होली के उमंग भरे पर्व पर धामी ने भाजपा के पूर्व सीएम जनरल खंडूड़ी, डॉ.निशंक व त्रिवेंद्र रावत के घर जाकर दी शुभकामनाएं

विरोधी दल के नेता पूर्व सीएम हरीश रावत के घर जाकर लगाया अबीर गुलाल
पहाड़ का सच देहरादून। होली के उमंग भरे पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी पार्टी के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत कांग्रेस के एक पूर्व मुख्यमंत्री के घर जाकर होली की शुभकामनाएं देकर सियासी रिश्तों में ताजगी भरने की कोशिश की है।

सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में होली मिलन कार्यक्रम में सीएम धामी में गढ़वाली व कुमाऊनी होलियारों व आम लोगों के साथ होली खेली। हर साल की तरह ये आयोजन कुछ खास होता है जिसमें पहाड़ की होली की झलक दिखती है। इसी क्रम में सीएम धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी, डा.रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के घर जाकर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

सीएम धामी विशेष पर्व के अलावा समय समय पर पार्टी के बड़े नेताओं के घर जाकर उनकी कुशल क्षेम पूछते रहते हैं। धामी की इस खूबी का विरोधी भी तारीफ करते हैं।राजनीति का तकाजा भी यही है।

मौजूदा राजनीति में बड़ा बदलाव आ गया है। वक्त के साथ रिश्तों में भी तेजी से बदलाव आ रहे हैं।सामान्य जीवन भी ऐसे बदलावों से अछूता नहीं फिर सियासी रिश्तों को अपने माकूल बनाए रखना भी किसी महाभारत से कम नहीं है। राजनीति में ऐसे रिश्तों पर नियंत्रण रखना बहुत जरूरी है। सीएम धामी अब तक इस परीक्षा में पास हुए हैं।


