
– गांव की महिलाओं ने ली शपथ
चमोली। जिले के ज्योतिर्मठ नगर के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले सेलंग गांव में सार्वजनिक और सामाजिक आयोजनों में शराब पीने, पिलाने, परोसने तथा विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
गांव की आम बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नियम का उल्लंघन करने पर 51 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। ग्रामीणों ने गांव में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने की शपथ ली। महिला ग्राम प्रधान रोशना देवी और महिला मंगल दल अध्यक्षा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में ग्रामीणों ने ध्वनिमत से शराबबंदी के प्रस्ताव का समर्थन किया। सभी सदस्यों के हस्ताक्षर से पारित प्रस्ताव के अनुसार, शादी-विवाह, मुंडन संस्कार, सार्वजनिक पूजा तथा अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब का सेवन, परोसना एवं विक्रय पूरी तरह निषिद्ध रहेगा।
प्रस्ताव में यह भी तय किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रतिबंध का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसका सार्वजनिक बहिष्कार किया जाएगा और उससे 51 हजार रुपये का आर्थिक दंड वसूला जाएगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि गांव में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के विक्रय की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान रोशना देवी ने कहा कि शराब समाज के लिए एक अभिशाप है। सार्वजनिक और सामाजिक आयोजनों में शराब बंद होने से लोगों का अनावश्यक खर्च बचेगा और समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि गांव में शराबबंदी को पूरी सख्ती से लागू किया जाएगा।
बैठक में ग्राम गण्यां मोहन सिंह फर्वाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य वर्षा देवी, वन पंचायत सरपंच शिशुपाल सिंह भंडारी, त्रिलोक सिंह बिष्ट, भवान सिंह, भगत सिंह, देवेश्वरी देवी, बाली देवी सहित ग्राम सभा के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

