
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड एकेश्वर के अंतर्गत ईडा मल्ला, श्रीकोटखाल में शुक्रवार सुबह घास काटने गई 55 वर्षीय लीला देवी पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में महिला के गाल, जबड़े और पीठ पर चोटें आई हैं। घायल महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से हंस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पूर्व प्रधान रविंद्र कुमार ने बताया कि लीला देवी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घर से लगभग 300 मीटर दूर घास काटने गई थीं। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने 108 की सहायता से महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार चल रहा है।
पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार के हमलों की घटनाएं ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। जंगल से सटे गांवों में लोग घास और लकड़ी लेने के साथ ही अन्य घरेलू कामों के लिए बाहर जाते हैं। ऐसे में गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार की सक्रियता को देखते हुए लोगों ने सतर्कता बरतने और वन विभाग से आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की जरूरत पर जोर दिया है।


