
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सभी राजनीतिक दलों की तैयारी शुरू हो गई है इसी के साथ ही कांग्रेस के भीतर टिकट वितरण की चर्चाएं तेज़ हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत का एक बयान राजनीतिक गलियारों में खासा चर्चा में है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि टिकट किसी की सिफारिश या नजदीकी के आधार पर नहीं, बल्कि जीतने की क्षमता के आधार पर दिया जाएगा।
कार्यकर्ताओं के एक कार्यक्रम में बोलते हुए डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि पार्टी के कुछ नेता अभी से यह दावा कर रहे हैं कि उनका टिकट फाइनल हो चुका है, और इसके लिए वे राहुल गांधी व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का नाम भी ले रहे हैं। इस पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा—
अरे, टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं है।”
उन्होंने बताया कि उनके पास लगातार टिकट के लिए सिफारिशें आ रही हैं, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस में टिकट उसी को मिलेगा जो चुनाव जीतने का दम रखता हो। उन्होंने कहा कि चाहे कोई उनका करीबी हो, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा (गोदियाल) का हो या पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह का—
निर्णय केवल योग्यता और जीत की संभावना के आधार पर लिया जाएगा।
अपने राजनीतिक रुख को स्पष्ट करते हुए हरक सिंह रावत ने कहा,
“मैं पार्टी का सिपाही हूं। जिस सीट से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा, वहां से मैं लडूंगा। और अगर जरूरत पड़ी तो पार्टी के लिए दरी बिछाऊंगा और नारे लगाऊंगा।”

