
पौड़ी। पौड़ी शहर के धारा रोड क्षेत्र में शनिवार को सुबह एक दुकान के अंदर व्यापारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह आसपास के व्यापारियों ने देखा कि एक दुकान खुली हुई है और दुकानदार अंदर अचेत अवस्था में लेटा हुआ है। कई बार आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो तुरंत पौड़ी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
पौड़ी कोतवाली के एसएसआई राज विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान विजय आनंद सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा कि एक व्यापारी का अपनी ही दुकान में इस तरह मृत मिलना बेहद चिंताजनक है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।

