
नैनीताल। जनपद के भवाली क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने की खबर फैलते ही भारी तनाव व्याप्त हो गया। इस घटना को लव जिहाद से जोड़ते हुए हिंदूवादी संगठनों ने गुरुवार को जमकर प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने न केवल कोतवाली का घेराव किया, बल्कि जुलूस निकालकर भवाली बाजार भी पूरी तरह बंद करवा दिया।

मामले के अनुसार अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी कि एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी गर्भवती है। पुलिस ने तत्काल किशोरी के परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की पहचान साहिल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुरादाबाद का रहने वाला है और भवाली में टैक्सी चलाता है। हिंदूवादी संगठनों का आरोप है कि आरोपी साहिल नाम बदलकर भोली-भाली लड़कियों को अपने जाल में फंसाता है।
प्रदर्शनकारियों ने कोतवाली में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की। संगठनों के आह्वान पर व्यापारियों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए, जिससे पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया।
एस.पी. जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो (POCSO), रेप और अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। अधिकारियों ने जनता से शांति रखने की अपील की है और कानून हाथ में न लेने की हिदायत दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी के पिता भवाली में ही टेलर मास्टर का काम करते हैं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पूर्व में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।
