
अल्मोड़ा। जनपद के बाड़ेछीना-सेराघाट मार्ग पर एक कार क्रश बैरियर तोड़कर 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में दिल्ली निवासी प्रणब रॉय (75) और उनकी पत्नी शुभी रॉय (72) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रणब के बेटे सिद्धार्थ रॉय (47) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कटर से वाहन काटकर शव बाहर निकाले। सिद्धार्थ को गंभीर हालत में अल्मोड़ा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार नई दिल्ली के महरौली थानांतर्गत मंगलपुर निवासी सिद्धार्थ अपने पिता प्रणब और मां शुभी के साथ स्काॅर्पियो (डीएल 3 सीसीजेड 8690) से उत्तराखंड आए थे। कैंची धाम दर्शन करने के बाद सभी लोग मुनस्यारी जा रहे थे। एसओ धौलछीना सुनील सिंह बिष्ट ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे बाड़ेछीना-सेराघाट मोटर मार्ग पर कसाण बैंड के पास उक्त वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और क्रश बैरियर तोड़ते हुए सीधे 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरा। तीनों लोग वाहन में दब गए। राहगीरों ने बचाव शुरू किया लेकिन अंदर तीनों लोग फंसे थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह घायल सिद्धार्थ को निकाला और निजी वाहन से अल्मोड़ा भेजा। कटर के जरिए वाहन को काटकर प्रणब और शुभी के शव निकाले गए।
