
– भाजपा धराली पीड़ितों के साथ हर वक्त खड़ी है

देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के धराली जाने को राजनीतिक पर्यटन बताया। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि सरकार पीड़ितों के आंसू पोंछने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि हर बार की तरह आपदा राहत बचाव के कठिन समय में कांग्रेस महज आरोप प्रत्यारोप की राजनीति मे मशगूल रही, लेकिन वह ग्राउंड जीरो से दूर रही। मुख्यमंत्री धामी ने वहां ग्राउंड जीरो पर 3 दिन रेस्क्यू अभियान की मॉनिटरिंग कर लोगों की जान बचाने का काम किया। हमारी सरकार धराली को फिर से खड़ा करने और प्रत्येक प्रभावित को मजबूत आधार देने के लिए प्रतिबद्ध होकर सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास कार्य कर रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल के आरोपों को लेकर पूछे सवालों का ज़बाब देते हुए चौहान ने कहा कि जब वहां की जनता कुदरत के कहर का सामना कर रही थी, मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में शासन प्रशासन लोगों की जान बचाने में रात दिन एक किए हुए था, पीड़ितों के लिए राशन, दवाई, आवास और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की जद्दोजहद चल रही थी, तब कांग्रेस नदारद थी।
स्थानीय प्रशासन द्वारा दुर्घटनास्थल पर ले जाने की सुरक्षित व्यवस्था के बावजूद भी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष माहरा वहां साहसिक पर्यटन करते दिखाई दिए थे, लेकिन उसके बाद उन्होंने भी वहां जाने से तौबा कर ली थी। इसके बाद उन्होंने वहाँ जाने पर रोक का हवाला दिया, लेकिन असलियत मे वह महज राजनैतिक उद्देश्य से गए थे। उन्होंने कहा कि इन चार माह में किसी भी तरह की शिकायत कांग्रेस नेताओं के पास भी नहीं थी। आश्चर्य है कि 3 दिन पहले तक धराली का जिक्र भी नहीं करने वाली कांग्रेस धराली मे राजनैतिक उद्देश्य के लिए भटकने के लिए चली गयी।
