
पहाड़ का सच, ऋषिकेश।
मुनि की रेती क्षेत्र में गंगा घाट पर बिहार से आई एक महिला पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला अपने परिवार के साथ ओमकारानंद घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंची थी, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजनों द्वारा तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान 55 वर्षीय सुनीता देवी के रूप में हुई है, जो अपने पति अमित कुमार एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बिहार के भागलपुर जिले से ऋषिकेश घूमने आई थीं। सोमवार सुबह करीब सात बजे जब वे ओमकारानंद घाट के निकट गंगा स्नान कर रही थीं, तभी उन्होंने अचानक चक्कर आने की शिकायत की और घाट किनारे गिर पड़ीं। यह देख परिजन घबरा गए और तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से सुनीता देवी को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद सुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा है। मुनिकीरेती थाना पुलिस के एसआई आशीष शर्मा ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में महिला के चक्कर आने और गिरने की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
