
दिल्ली, नई टिहरी, ऋषिकेश व सल्ट में शव यात्रा निकाली,पुतले फूंके
ऋषिकेश में पूर्व सैनिकों में स्पीकर ऋतु भूषण खंडूड़ी के प्रति भी दिखा आक्रोश
टिहरी में भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय की चुप्पी पर भी सवाल
पहाड़ का सच देहरादून।
राज्य के कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल के मामले में आई कृत्रिम आपदा से छुटकारा पाना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती पेश होती जा रही है। रविवार को उत्तराखंड ही नहीं दिल्ली में राजघाट में भी कैबिनेट मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए। कई जगह शव यात्रा व पुतला दहन की सूचना भी है। ऋषिकेश में पूर्व सैनिकों ने स्पीकर ऋतु भूषण खंडूड़ी का भी तीव्र विरोध किया।
विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल के पहाड़ी समाज के लिए अभद्र भाषा के प्रयोग पर आज प्रवासी उत्तराखण्डियों ने नई दिल्ली में राजघाट पर प्रदर्शन कर मंत्री के इस्तीफे की मांग की। यहां लोगों ने गिरफ्तारी भी दी। राजधानी देहरादून में उत्तराखंड क्रांति ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। ऋषिकेश में पूर्व सैनिकों ने प्रकाश थपलियाल के नेतृत्व में मंत्री के विरोध में प्रदर्शन किया और स्पीकर के प्रति भी आक्रोश जताया।
कांग्रेस ने नई टिहरी में मंत्री के पुतले की शवयात्रा यात्रा निकाल कर पुतला दहन किया। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए कांग्रेसियो ने प्रदर्शन करते हुए नारे लगाए। किशोर उपाध्याय जवाब दो विधानसभा में मौन क्यों?कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने पूछा “जब प्रेमचंद पहाड़ियों को गाली दे रहा था तब किशोर उपाध्याय मौन क्यों था”!
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने कहा इस वक्त पूरे प्रदेश में भाजपा के दुर्व्यवहार से लोग नाराज हैं और टिहरी विधायक चुप्पी साधे हुए है, क्या इस अपमान पर उत्तराखण्डियों का खून नहीं खोलेगा। आने वाले पंचायत और 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की महान जनता भाजपा के कृत्यों की सजा जरूर देगी।
पार्टी नेता ज्योति प्रसाद भट्ट और जयवीर सिंह रावत ने कहा कि हम अपने विधायक लखपत बुटोला को की सराहना करते हैं वे पहाड़ियों को गाली देने पर चुप्प नहीं बैठे और प्रतिकार किया। उन्होंने जनमानस का दिल जीतकर अपनी राजनैतिक लकीर लंबी की किंतु टिहरी, नरेंद्रनगर, घनसाली, देवप्रयाग, धनोल्टी के विधायको के मुंह पर दही जमी हुई थी।
प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला ने कहा कि हम उत्तराखंडित का अपमान नहीं सहेंगे जिस प्रकार भाजपा के नेता अभद्र व्यवहार कर रहे हैं उससे प्रदेश की जनता आहत है, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय नौटंकी कर जो मुद्दे उठा रहे है उन्हें यह मुद्दे नरेंद्र मोदी के सामने उठाने चाहिए। इसलिए जनता को गुमराह न करें, उनकी डबल इंजन की सरकार है। प्रदेश प्रवक्ता शान्ति प्रसाद भट्ट और शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने कहा कि लखपत बुटोला ने उत्तराखंडियत के अपमान पर विधानसभा में जो प्रतिकार किया उससे उन्होंने भाजपा के मंत्री विधायकों को आईना दिखाया ओर जन जन का दिल जीत लिया। प्रदेश में इस बात का रोष है कि टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय मौन क्यों रहे ?
यदि विधानसभा के अंदर वे डर गए थे तो विधानसभा के बाहर कहीं तो विरोध करते। इसका मतलब यह है कि किशोर उपाध्याय प्रेम चंद अग्रवाल से सहमत हैं।महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत और बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष ममता उनियाल ने कहा यह प्रदेश की मूल भावना को आहत करने वाला काम भाजपा के मंत्री ने किया । दुख इस बात का है कि स्पीकर ऋतु भूषण खंडूरी का सदन में व्यवहार ठीक नहीं था और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट लोगों को धमकी दे रहे हैं इसलिए इनका बहिष्कार होना चाहिए।
सभी कांग्रेसजनो ने प्रेमचंद अग्रवाल, ऋतु भूषण खंडूरी, महेंद्र भट्ट के इस्तीफे की मांग की और टिहरी विधायक से भी माफी मांगने की मांग कि वे उत्तराखंडियत को गाली देने पर चुप्प क्यों थे। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा, महिला जिलाध्यक्ष आशा रावत, ममता उनियाल, अनीता रावत, अनीता शाह, सुषमा दुमोगा,शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष लखबीर सिंह चौहान वरिष्ट नेता ज्योति प्रसाद भट्ट, प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, प्रदेश प्रवक्ता शान्ति प्रसाद भट्ट, जिला पंचायत सदस्य जयवीर रावत, आनंद सिंह बेलवाल, सोहन सिंह रावत विजयपाल सिंह रावत बीली ब्लॉक अध्यक्ष मान सिंह रौतेला, गबर सिंह रावत, हरि सिंह मक़लुगा संतोष आर्य, मनीष पंत, पुरुषोत्तम दत्त पंत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और मौजूद थे।
उधर, सल्ट (अल्मोड़ा) में कांग्रेसियों में कांग्रेसियों ने मंत्री का पुतला फूंका और विस अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की पैरवी को शर्मनाक बताया व सरकार पर बेलगाम नेताओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। रविवार को मारचूला में कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। कैबिनेट मंत्री का पुतला दहन किया। कांग्रेस नेता नारायण सिंह रावत ने कहा कि भाजपा के नेता विधानसभा में खुलेआम पहाड़ियों को गाली दे रहे हैं। इससे शर्मनाक घटना कुछ नहीं हो सकती है। ऊपर से विधानसभा अध्यक्ष अपने कैबिनेट मंत्री का बचाव कर रही हैं। वहीं, सरकार सब कुछ जानते हुए भी मूकदर्शक बनी हुई है। .उन्होंने सरकार से कैबिनेट मंत्री का इस्तीफा लेने की मांग की। विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत, सरपंच संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनानंद शर्मा, राज्य आंदोलनकारी मोहन शर्मा, केशव दत्त भारद्वाज, मोहन सिंह गोसाई, अनुप राम आदि थे।
