
पहाड़ का सच, ऋषिकेश।
ऋषिकेश के सरवारा नगर के काली की ढाल क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक बुलेट शोरूम के बाहर खड़ी बाइकों को हटाने की बात कहने पर वर्तमान पार्षद वीरपाल के साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद स्थानीय जनता आक्रोशित हो उठी और शोरूम में तोड़फोड़ कर दी।
मामले की शुरुआत तब हुई जब पार्षद, जो लंबे समय से नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं, ने शोरूम संचालकों से अनुरोध किया कि वे अपनी गाड़ियां सड़क से हटवाएं, जिससे आम लोगों को यातायात में कोई दिक्कत न हो। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस अनुरोध के जवाब में शोरूम से जुड़े कुछ लोगों ने पार्षद के साथ बदसलूकी शुरू कर दी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। पार्षद के साथ हुई इस घटना से जनता में आक्रोश फैल गया। लोगों ने शोरूम के खिलाफ प्रदर्शन किया और गुस्से में तोड़फोड़ भी कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया।
वहीं स्थानीय निवासियों ने कहा कि वार्ड का प्रथम नागरिक होने के नाते पार्षद का अपमान असहनीय है। वे जनता के हितों की रक्षा के लिए कार्य कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ बदसलूकी की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, क्षेत्र में अभी भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
