
– पहली सूची में ऐरी, पुष्पेश व आशीष, फाइव-लेयर चयन प्रक्रिया से तय हुए उम्मीदवार
– पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने घोषित किए 16 नाम
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक मुकाबले की तैयारियों के बीच उत्तराखंड क्रांति दल उम्मीदवारों की घोषणा कर भाजपा व कांग्रेस से आगे निकल गया है।
दल ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने 16 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी की फाइव-लेयर चयन प्रक्रिया के तहत संसदीय बोर्ड की संस्तुति पर केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

पार्टी ने पहली सूची में वरिष्ठ, समर्पित और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी है। प्रत्याशियों के चयन में संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण, जनसरोकारों और उत्तराखंड के हितों के लिए किए गए संघर्ष को प्रमुख आधार बनाया गया है।
यूकेडी का कहना है कि मजबूत संगठनात्मक आधार के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से उतरने और उत्तराखंड में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य रखा गया है। शेष विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जल्द घोषित की जाएगी।सूची की घोषणा के दौरान संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चंद्रशेखर कापड़ी भी मौजूद रहे।
पहली सूची में घोषित प्रत्याशी
• पिथौरागढ़ – काशी सिंह ऐरी (पूर्व विधायक)
• द्वाराहाट – पुष्पेश त्रिपाठी (पूर्व विधायक)
• कर्णप्रयाग – आशीष नेगी
• देवप्रयाग – पूरण सिंह कठैत
• प्रतापनगर – पंकज व्यास
• जागेश्वर – दिनेश कुंजवाल
• सल्ट – प्रताप सिंह
• कपकोट – वरुण चंदोला
• काशीपुर – प्रदीप चंद मेंदोलिया
• नानकमत्ता (सुरक्षित) – कैलाश सिंह पांगती
• रामनगर – भुवन चंद्र
• राजपुर रोड (सुरक्षित) – देव चंद्र उत्तराखंडी
• टिहरी – बी.डी. पंत
• देहरादून कैंट – राजेंद्र सिंह नेगी (सेवानिवृत्त कमांडेंट)
• खानपुर – रितु कंडियाल जुयाल
• धनोल्टी – चंदन सिंह राणा


