
– एसपी देहात जया बलूनी के नेतृत्व में सभी आरोपों की जांच करेगी टीम
– महिला आयोग ने लिया संज्ञान, कड़ी कार्रवाई के निर्देश
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में दर्ज कराए गए गंभीर मामलों की जांच के लिए पुलिस द्वारा एसआईटी का गठन कर दिया गया है। उधर, राज्य महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पति पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, मुकदमा दर्ज
जांच टीम एसपी देहात जया बलूनी के नेतृत्व में 9 से 10 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है। मंत्री रेखा आर्य ने पति गिरधारी लाल साहू पर शारीरिक उत्पीड़न, मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, जालसाजी और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए हैं। पति गिरधारी लाल साहू ने वायरल ऑडियो को एआई (AI) जेनरेटेड फर्जी ऑडियो बताया और मंत्री पर 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति बनाने के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
पति ने मंत्री पत्नी रेखा आर्य पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
पुलिस ने वायरल ऑडियो क्लिप को फॉरेंसिक लैब जांच के लिए भेज दिया है। रेखा आर्य की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।एसआईटी की टीम इस पूरे प्रकरण में दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों और साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल कर रही है।
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पारिवारिक विवाद और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े मामले का स्वतः संज्ञान लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष
कुसुम कंडवाल ने खुद अस्पताल पहुंचकर भर्ती कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से मुलाकात की और उनकी नाजुक स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया। महिला आयोग ने देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल से इस प्रकरण पर सीधी बातचीत की है।
आयोग की अध्यक्ष ने पुलिस को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो, ऑडियो क्लिप और मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
महिला आयोग ने पुलिस प्रशासन को इस पूरे संवेदनशील मामले में कानून सम्मत और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा है कि यह मामला एक महिला मंत्री की सुरक्षा और उनके मानसिक उत्पीड़न से जुड़ा है, इसलिए इसकी हर स्तर पर गहनता से जांच की जाएगी।


