देहरादून। क्लेमनटाउन क्षेत्र में 21 सितंबर को 26 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
क्लेमेनटाउन में पत्नी की गोली मारकर हत्या, वारदात के बाद पति फरार
पुलिस के अनुसार, मृतका के पति धीरज पंवार उर्फ लल्लू ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद और पत्नी द्वारा तलाक लेने की तैयारी की जानकारी मिलने के बाद हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बताया गया 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की है।
पत्रकारवार्ता में काजल हत्याकांड का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि घटना के बाद आरोपी मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया था। आरोपी का कोई स्थायी ठिकाना नहीं होने के कारण उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से 23 सितंबर को आरोपी धीरज पंवार (30) उर्फ लल्लू पुत्र सुशील कुमार, निवासी मेघा शर्करपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, को क्लेमेंटटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ के अनुसार, पिछले करीब एक वर्ष से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी ने बताया कि पिछले तीन माह से पत्नी उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से मिलने भी नहीं दे रही थी। करीब एक माह पूर्व उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी तलाक लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, इसी बात से वह आक्रोशित हुआ और उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई। आरोपी ने सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा और घटना से एक रात पहले देहरादून पहुंचा।
आरोपी ने घटनास्थल के पास निर्माणाधीन भवन में छिपकर घर की रेकी की। सुबह मौका देखकर वह घर में लगे टीन के दरवाजे को तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और बिस्तर पर सो रही पत्नी पर कथित तौर पर दो गोलियां चला दीं। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
बताते चलें कि 21 सितंबर की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से क्लेमेंटटाउन पुलिस को सूचना मिली थी कि धीरज पंवार की अपनी पत्नी काजल से हाथापाई हुई और गोली लगने से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला बिस्तर पर मृत मिली। उसके सिर और पेट पर गोली के निशान थे।
फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। घटना के बाद मृतका का पति मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। मृतका के भाई की तहरीर पर थाना क्लेमेंटटाउन में मुकदमा अपराध संख्या 91/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

