देहरादून। भारत रत्न पंडित गोविंद वल्लभ पंत की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जारी अपने संदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंडित गोविंद वल्लभ पंत आधुनिक भारत एवं अखंड उत्तराखंड के निर्माण के प्रमुख शिल्पकारों में से एक थे। देश के स्वाधीनता आंदोलन में उनका योगदान अप्रतिम रहा है। उन्होंने न केवल देश की आजादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई, बल्कि स्वतंत्रता के पश्चात देश एवं राज्य के प्रशासनिक व सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया।
गोदियाल ने पंत के संघर्षों को याद करते हुए कहा, “पंडित गोविंद वल्लभ पंत का जीवन संघर्ष, समर्पण और उच्च नैतिक मूल्यों की अनुपम मिसाल है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और बाद में देश के गृह मंत्री के रूप में उनके द्वारा लिए गए निर्णय एवं प्रशासनिक कुशलता आज भी प्रासंगिक हैं। उत्तराखंड की इस पावन धरा पर जन्मे इस महान सपूत पर पूरे देश को गर्व है।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस का आह्वान किया कि वे पंडित गोविंद वल्लभ पंत जी के आदर्शों, विचारों और उनके द्वारा स्थापित जनसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि पंत के दूरदर्शी विचारों और उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के सपने को साकार करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

