आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई थी कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की सभा
दो दिन बाद हवन व गंगा जल छिड़ककर किया गया मंच का शुद्धिकरण, फोटो व वीडियो हुआ था वायरल
पहाड़ का सच नैनीताल। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धीकरण’ का मामला उत्तराखंड हाईकोर्ट पहुंच गया है। सात सितंबर को इस मामले में सुनवाई होने की संभावना है।
देहरादून निवासी बैजनाथ ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा के बाद सार्वजनिक रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल छिड़ककर शुद्धीकरण किया गया। .याचिकाकर्ता का कहना है कि इस तरह की घटना से समाज में वैमनस्यता बढ़ने की आशंका है। घटनाक्रम के बाद विभिन्न पक्षों की ओर से अलग-अलग स्पष्टीकरण और धार्मिक बयान सामने आए। मामले को लेकर कांग्रेस ने भी राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा था।

याचिकाकर्ता ने अदालत से पूरे घटनाक्रम से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश देने की मांग की है। इनमें वीडियो रिकॉर्डिंग और संबंधित क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज को तत्काल संरक्षित किए जाने का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा याचिका में प्रदेश सरकार को मामले का संज्ञान लेकर प्रभावी और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की गई है।
याचिकाकर्ता के अनुसार, सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत भी घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी गई हैं ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके। अब हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई में याचिका में उठाए गए इन मुद्दों पर सुनवाई की जाएगी।

