देहरादून। डालनवाला स्थित एमडीडीए एमआईजी कॉलोनी में गुरुवार को दिनदहाड़े 70 वर्षीय महिला की हत्या हो गई। महिला घर में अकेली थीं। शाम को पड़ोसी ने घर पहुंचकर देखा तो वह बेड पर अचेत हालत में पड़ी थीं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो महिला के चेहरे पर खरोंच और गले पर चोट के निशान मिले। महिला के हाथ से सोने का कंगन भी गायब बताया जा रहा है। पुलिस हत्या के साथ लूट के एंगल की भी जांच कर रही है। मृतका की पहचान रेखा बंसल के रूप में हुई है। उनके पति दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर गांधी स्कूल के सामने बंसल बुक स्टोर नाम से दुकान है। गुरुवार सुबह दिनेश बंसल रोज की तरह दुकान चले गए थे। घर में उनकी पत्नी अकेली थीं। परिवार के अन्य सदस्य कांवली रोड स्थित आवास पर रहते हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोपहर करीब एक बजे रेखा बंसल की अपनी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके कुछ समय बाद पति ने उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कई बार फोन करने के बाद भी संपर्क नहीं होने पर दिनेश बंसल ने पड़ोसी से घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसी घर पहुंचे तो रेखा बंसल बेड पर पड़ी मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान महिला के चेहरे पर खरोंच के निशान मिले। गले पर भी चोट के निशान बताए गए हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और चोटों की स्थिति और स्पष्ट होगी।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के मुताबिक पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की है। पति दिनेश बंसल ने पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारी दी है। इसी आधार पर पुलिस परिचित या करीबी व्यक्ति की भूमिका को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है। हालांकि आरोपी कौन है और हत्या का वास्तविक कारण क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

