एमडी के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित, प्रदेशभर में विद्युत सुरक्षा जांच के निर्देश

पहाड़ का सच ऋषिकेश। खदरी ग्रामसभा में 16 अगस्त की शाम तेज बारिश और हवा के दौरान एलटी लाइन का तार टूटकर पानी में गिरने से फैले करंट की चपेट में आई महिला और उसकी दो वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में यूपीसीएल प्रबन्धन ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर रायवाला विद्युत वितरण उपखंड के अवर अभियंता शम्भू प्रसाद बहुगुणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद 11 केवी रायवाला रूरल फीडर की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कराई गई। बताया गया कि तेज हवा के कारण एलटी लाइन का तार टूटकर कच्ची सड़क पर जमा पानी में गिर गया था। इसी दौरान रास्ता पार करते समय महिला और उसकी दो वर्षीय बच्ची करंट की चपेट में आ गईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने आपात बैठक बुलाकर मामले की समीक्षा की और विस्तृत जांच के निर्देश दिए। विद्युत दुर्घटना की जांच के लिए मुख्य अभियंता राजकुमार, मुख्य अभियंता मोहित जोशी और मुख्य अभियंता अमित कुमार की तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति को तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेशभर में चलेगा विद्युत सुरक्षा जांच अभियान
प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने प्रदेशभर में विद्युत लाइनों और अन्य विद्युत परिसंपत्तियों की विशेष सुरक्षा जांच तथा निवारक अनुरक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। सभी वितरण खंडों में एलटी लाइनों, ज्वाइंट, टर्मिनल, कनेक्शन और अन्य संवेदनशील बिंदुओं की जांच की जाएगी। लोड की स्थिति में थर्मल विजन कैमरों से हॉट स्पॉट और असामान्य तापमान वाले स्थानों की पहचान कर तत्काल सुधार किया जाएगा।
इसके अलावा 33/11 केवी लाइनों, पोल, वितरण ट्रांसफार्मर, एलटी लाइन, इंसुलेटर, अर्थिंग और सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण होगा। जलभराव वाले क्षेत्रों, बाजारों, घनी आबादी, स्कूलों और अस्पतालों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रत्येक डिवीजन को विद्युत सुरक्षा की दृष्टि से 20 सबसे संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही या देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
