
– भारतीय इतिहास एवं गौरवशाली संस्कृति से जुड़ने का यादगार अवसर
पहाड़ का सच देहरादून। दिनांक 19 नवंबर को श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बालावाला में वार्षिकोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के पूर्व संयुक्त सचिव डॉ. रणवीर सिंह रहे। इस अवसर पर श्री गुरु रामराय एजुकेशन मिशन के अधिकृत हस्ताक्षरी विजय नौटियाल, एजुकेशन ऑफिसर विनय मोहन थपलियाल सहित एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न थीम पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विद्यालय के विभिन्न सदनों द्वारा ऐतिहासिक विषयवस्तु पर आधारित नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुति प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने रानी लक्ष्मीबाई, छत्रपति शिवाजी महाराज, आचार्य चाणक्य एवं रानी पद्मावती जैसे महान ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के किरदारों का प्रभावशाली मंचन किया। आकर्षक वेशभूषा, उत्कृष्ट अभिनय एवं शानदार नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान –आर्यभट्ट सदन, द्वितीय स्थान – भाभा सदन, तृतीय स्थान- रमन सदन रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन छात्राओं वंशिका कठैत, हर्षिता एवं ऋद्धि द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में श्रीमती प्रीति गेरौला, श्रीमती अनीता शर्मा एवं श्रीमती शालिनी ढोंढियाल शामिल रहीं, जिन्होंने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल ममगाईं, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की।
समग्र रूप से वार्षिकोत्सव उत्साह, उमंग एवं सांस्कृतिक वैभव का सुंदर संगम रहा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय इतिहास एवं गौरवशाली संस्कृति से जुड़ने का यादगार अवसर प्रदान किया।


