
टिहरी विधायक किशोर ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को दी चेतावनी
टिहरी के प्रस्तावित मेडिकल कालेज पर रार, कांग्रेस ने भाजपा पर बोला हमला
पहाड़ का सच देहरादून। टिहरी मेडिकल कालेज की स्थापना को लेकर भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय की अपनी ही सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को दी गयी चेतावनी ने इतना तूल पकड़ा कि शुक्रवार को टिहरी के लोगों ने विरोध में बाज़ार बंद कर दिया। चर्चा है कि जिले का मेडिकल कालेज इणिया’ से ‘पिफल्टी’ शिफ्ट किया जा रहा है।

किशोर उपाध्याय ने एक वीडियो बयान जारी कर साफ शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल टिहरी के लिए प्रस्तावित मेडिकल कालेज को अन्यत्र शिफ्ट करना चाहते हैं।
किशोर उपाध्याय का कहना है कि मेडिकल कालेज की डीपीआर शासन में बनकर तैयार है, जगह भी तय हो गयी। कार्यदायी संस्था भी तय हो गयी। ऐसे में मेडिकल कालेज को शिफ्ट करना न्यायसंगत नहीं होगा।
भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय ने स्वास्थ्य मंत्री पर अफरा तफरी फैलाने का भी आरोप लगाया। और कहा कि मेडिकल कालेज को शिफ्ट करने के गम्भीर परिणाम होंगे।
जानकारी दे दें कि एक समय किशोर व सुबोध उनियाल की कांग्रेस के मजबूत स्तम्भों में गिनती होती रही है। किशोर को हरीश रावत और सुबोध को विजय बहुगुणा का खास माना जाता रहा। 2016 में सुबोध उनियाल , डॉ हरक सिंह रावत सहित नौ विधायकों के साथ और 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पूर्व किशोर उपाध्याय भाजपा में शामिल हो गए थे।
कांग्रेस के समय भी दोनों नेताओं की ठनी रहती थी
किशोर व सुबोध एक ही टिहरी जिले की टिहरी व नरेन्द्रनगर विधानसभा से चुनाव जीते हैं। दोनों एक ही जिले की राजनीति करते हैं। देश के एक प्रमुख चैनल की डिबेट में दोनों के बीच हुई गर्मागर्म बहस आज भी चाव से देखी जाती है। किशोर उपाध्याय के गर्म तेवरों से चुनावी साल में दो पुराने कांग्रेसी गोत्र के नेताओं की कलह एक बार फिर सामने आ गयी है। इसे सत्तारूढ़ दल कैसे मैनेज करता है।
कांग्रेस ने कहा, भिड़ रहे भाजपा सरकार के पुर्जे
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने टिहरी मेडिकल कॉलेज के स्थापना स्थल को लेकर भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच चल रही नूराकुश्ती पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विज्ञापनों में नंबर वन रहने वाली इस ‘डबल इंजन’ सरकार के दोनों पुर्जे विकास कार्यों को ठप कर आपस में ही बुरी तरह भिड़ गए हैं। इन दोनों नेताओं के अहंकार और आपसी कलह के कारण टिहरी की भोली-भाली जनता वर्षों से एक अदद मेडिकल कॉलेज के लिए तरस रही है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ खुद को टिहरी का ‘तपस्वी’ बताने वाले भाजपा विधायक चार साल बाद अचानक गहरी नींद से जागे हैं, तो दूसरी तरफ ‘सुपर सीएम’ की तरह व्यवहार करने वाले कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल जनभावनाओं को ठेंगे पर रखकर कॉलेज को जबरन अपनी मनपसंद जगह खींच रहे हैं।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा के इन वरिष्ठ नेताओं को क्षेत्र के विकास या जनता के स्वास्थ्य से कोई सरोकार नहीं है।
इणिया’ बनाम ‘पिफल्टी’ का यह पूरा विवाद सिर्फ और सिर्फ राजनीतिक वर्चस्व, ठेके-पट्टों की मलाई और अपनी ढहती साख को बचाने का एक फ्लॉप नाटक है। भाजपा हमेशा राष्ट्रवाद का ढोल पीटती है, लेकिन टिहरी में इनका क्षेत्रवाद और अहंकार खुलकर सड़कों पर आ गया है।उन्होंने याद दिलाया कि इस कॉलेज की घोषणा सालों पहले हुई थी, लेकिन भाजपा सरकार आज तक धरातल पर एक ईंट भी नहीं रख पाई। अब जब चुनावी हवा बदलने लगी है, तो दोनों नेता इस काल्पनिक कॉलेज का ‘श्रेय’ लूटने के लिए आपस में कुश्ती लड़ रहे हैं। विधायक चार साल तक सत्ता का सुख भोगते रहे और अब अचानक जनता के हमदर्द बनकर ‘संयुक्त संघर्ष समिति’ के पीछे छिपने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि भाजपा अपनी अंदरूनी कलह बंद कर जनहित के आधार पर कॉलेज का निर्माण तुरंत शुरू करे, अन्यथा कांग्रेस दोनों नेताओं का पुरजोर घेराव करेगी।
मेडिकल कॉलेज को गजा शिफ्ट करने की सुगबुगाहट से बवाल, बाजार बंद रहे, सैकड़ों लोग उतरे सड़क पर
टिहरी विधानसभा क्षेत्रांतर्गत इणियां में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र गजा के निकट पिफल्टी ले जाए जाने की सुगबुगाहट से विवाद खड़ा हो गया है। विरोध में शुक्रवार को नई टिहरी, बीपुरम, बौराड़ी, कोटी कॉलोनी समेत आसपास के बाजार बंद रखे गए। टिहरी विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने कलेक्ट्रेट तक रैली निकाल कर प्रदर्शन किया।
संघर्ष समिति का ऐलान, इणियां से किसी भी दशा में मेडिकल कॉलेज नहीं जाने देंगे पिफल्टी, तेज होगा आंदोलन
आंदोलन का नेतृत्व कर रही नई टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के नेताओं ने दो टूक कहा कि जिला मुख्यालय नई टिहरी के इणियां में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को किसी भी दशा में अन्यत्र नहीं ले जाने दिया जाएगा। रैली में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता व कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, व्यापारी, अधिवक्ता, छात्र व महिलाएं शामिल हुए।
संघर्ष समिति के नेताओं का कहना था कि जिला मुख्यालय नई टिहरी के लिए करीब चार साल पहले मेडिकल कॉलेज स्वीकृत हुआ था। .बीपुरम के निकट इणियां क्षेत्र में सरकार व शासन के निर्देश पर टीएचडीसी ने इसके निर्माण की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी थी। अब इसी प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को जिला मुख्यालय के बजाय गजा के पिफल्टी में स्थानांतरित करने का प्रयास सरकार में बैठे लोग कर रहे हैं, जिन्हें किसी भी दशा में सफल नहीं होने दिया जाएगा और इसके लिए आंदोलन तेज होगा।
रैली व सभा में संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, सहसंयोजक भगवान सिंह रावत, नई टिहरी नगर पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, कांग्रेस नेता शांति प्रसाद भट्ट, बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत, डॉ. प्रीति पोखरियाल, महिपाल सिंह नेगी, भाजपा नेता सुशील बहुगुणा, देवेंद्र नौडियाल समेत बड़ी संख्या में जन भागीदारी रही।

