
पेपर लीक और चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस का आक्रामक रुख
पहाड़ का सच देहरादून। अगले विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा को घेरने की रणनीति तैयार की है। दो अगस्त से शुरू हो रही परिवर्तन संकल्प यात्रा के दूसरे चरण में पेपर लीक, छात्रों के हितों के साथ मंदिरों में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस का आक्रामक रुख रहेगा।
नई दिल्ली में प्रभारी कुमारी सैलजा के साथ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में तय किया गया कि दूसरे चरण में दो से पांच अगस्त तक देहरादून जिले की विधानसभाओं में परिवर्तन संकल्प यात्रा कार्यक्रम होंगे। इसके बाद हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर की विधानसभा में कार्यक्रम किए जाएंगे। पहले चरण में पर्वतीय जिलों की विधानसभा में ब्लॉक स्तर पर परिवर्तन संकल्प यात्रा के माध्यम से भाजपा सरकार की गलत नीतियों के साथ पेपर लीक प्रकरण, छात्रों के हितों, युवाओं को रोजगार, मंदिरों में चढ़ावा चोरी समेत अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी।
बैठक में आठ अगस्त को कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का उत्तराखंड दौरे पर चर्चा की गई। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार खरगे की हल्द्वानी में कार्यकर्ता रैली होगी। अगस्त में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी की उत्तराखंड में रैली कराने की तैयारी है। राहुल व प्रियंका से समय मिलने के बाद ही कार्यक्रम की तिथि तय की जाएगी। कांग्रेस की ओर से इस बार राहुल व प्रियंका गांधी की पर्वतीय जिलों में रैली कराने का प्रयास है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि नई दिल्ली में प्रदेश प्रभारी के साथ बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और चुनावी रणनीति तैयार की गई। पेपर लीक व मंदिरों में चढ़ावा चोरी मामले को बड़ा मुद्दा बनाकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। भाजपा को घेरने के लिए कांग्रेस के पास मुद्दों की कमी नहीं है। प्रदेश जनता 2027 में सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश के गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष व सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा मौजूद रहे। . उधर, पीसीसी अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के घेराव का आह्वान लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ और पूरी तरह दुर्भाग्यपूर्ण है। जिन मुद्दों पर भाजपा को छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए था, उन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए वह विपक्ष की आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस छात्रों, युवाओं और जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी जैसे गंभीर मामलों को उठाने और युवाओं के हितों की बात करने से कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। हम सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हैं कि शांति, संयम और अनुशासन बनाए रखें तथा किसी भी उकसावे में न आएं। साथ ही प्रशासन से अपेक्षा है कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करे और किसी भी अप्रिय स्थिति को उत्पन्न न होने दे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है और जनहित के हर मुद्दे पर पूरी मजबूती से अपनी आवाज़ उठाती रहेगी।

