
देहरादून। उत्तराखंड में वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे उत्तराखंड नर्सिंग एकता मंच का आखिरकार सब्र का बांध टूट गया। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास के बाहर दो नर्सिंग अभ्यर्थियों ने कथित तौर पर आत्मदाह की कोशिश की है। दोनों को अस्पताल भर्ती करवाया गया है।
बताते चलें कि वर्षवार भर्ती को लेकर उत्तराखंड नर्सिंग एकता मंच लंबे समय से अपनी मांगो को लेकर संघर्ष कर रहा है। बीते दिनों परेड ग्राउंड की पानी की टंकी पर चढ़कर नर्सिंग एकता मंच ने काफी लंबे समय तक प्रदर्शन किया था। उनकी मांगों को लेकर बीच का रास्ता निकालने के लिए शासन की ओर से आदेश जारी हुए थे। हालांकि अभी तक कोई भी समाधान नहीं निकला।

इसी को लेकर पिछले कई दिनों से स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास पर नर्सिंग अभ्यर्थी आ रहे थे। लगातार हो रही अनदेखी के बाद आज स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के घर पहुंच कर नर्सिंग स्टाफ में फिनाइल पी लिया।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है और उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है। वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर उनका आंदोलन लंबे समय से जारी है। घटना के बाद भी स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर अभ्यर्थियों का धरना जारी है। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
इस घटना के बाद नर्सिंग अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि उनकी वर्षवार भर्ती की मांग को जल्द पूरा किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।

