
देहरादून। आर्केडिया ग्रांट के वार्ड नंबर 93 के बनियावाला क्षेत्र में काफी समय से सड़कों का बहुत ही बुरा हाल हो रखा था, और कई बार स्थानीय लोगों द्वारा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी अवगत करवाया गया था, पर इस पर कभी ध्यान नहीं दिया गया।

पर आज से पूर्व सैनिक समिति बनियावाला के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और समिति के पदाधिकारियों के अथक प्रयास से सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
बताते चलें कि पूर्व सैनिक समिति और स्थानीय निवासियों ने कई बार निगम पार्षद और क्षेत्र विधायक के समक्ष सड़क की मरम्मत का मुद्दा उठाया था, यहां तक कि 8 दिसम्बर 2025 को निगम जनता के द्वार कार्यक्रम में भी निगम मेयर सौरभ थपलियाल के सामने भी बनियावाला की सड़कों की मरम्मत का मुद्दा उठाया था, पर सिवाय आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।

स्थानीय जनता की परेशानी और सड़क के खड्डों के कारण रोज हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए पूर्व सैनिक समिति बनियावाला, के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और समिति के सदस्यों द्वारा 25 मई 2026 को PWD के अधिकारियों से अनुरोध किया और उनको ज्ञापन देकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया गया, और PWD के अधिशाषी अभियंता द्वारा समिति को जल्द कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया था, और उसी कड़ी में आज से मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है।

पूर्व सैनिक समिति और स्थानीय निवासियों द्वारा PWD का आभार व्यक्त किया गया।

