
नई टिहरी। जनपद के घनसाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करके आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि 8 जुलाई को घनसाली थाने में एक स्थानीय निवासी ने लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उनकी नाबालिग बेटी के साथ एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम और दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी जसीम को घनसाली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हल्लू माजरा, चंडीगढ़ का निवासी है।बप्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग बालिका से संपर्क स्थापित किया था और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया। पुलिस विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। वहीं एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने आमजन से अपील की है कि इस मामले से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट सूचनाओं का प्रसार न करें और जानकारी की पुष्टि केवल पुलिस की आधिकारिक सूचना से ही करें।

