
पहाड़ का सच देहरादून। बदरीनाथ विधानसभा के विधायक लखपत सिंह बुटोला ने धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान और चढ़ावे में हुई कथित हेराफेरी के मामले में तत्काल प्रभाव से उच्च न्यायालय (High Court) के तीन सिटिंग जजों की विशेष समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को देहरादून में मीडिया से बातचीत में विधायक बुटोला ने कहा कि “मैं उस पवित्र और पावन भूमि से हूं जहा साक्षात भगवान विष्णु का बैकुंठ धाम है, जहा गुरुओं की तपोभूमि श्री हेमकुंड साहिब स्थित है। आज हमारे इन पावन देवस्थानों और पवित्र मंदिरों में चढ़ावे की चोरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि इस कुकृत्य से मेरा मन गहरे दुःख और पीड़ा से भरा है, और आज देश-विदेश के करोड़ों सनातनियों का मन भी पूरी तरह व्यथित है। उन्होंने वर्तमान जांच प्रणाली और सरकार के रवैये पर कड़ा तंज कसते शेर पढ़कर अपनी बात कही , “चोर भी तुम्हारा है सरकार का साया भी तुम्हारा है , तुम चोर को ईमानदार बता दो जाँच अधिकारी भी तुम्हारा है।
विधायक बुटोला ने कहा कि सरकार की किसी भी विभागीय या स्थानीय जांच पर हमें भरोसा नहीं है। इस महाघोटाले का सच सामने लाने के लिए हाई कोर्ट के तीन सिटिंग जजों की कमेटी से ही समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए। .उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम में कथित दान चोरी का मामला केवल वित्तीय भ्रष्टाचार नहीं है, बल्कि देश-विदेश के करोड़ों सनातनियों की धार्मिक आस्था पर गहरा प्रहार है। उन्होंने कहा की सत्ता पक्ष के विधायकों की अपनी ही सरकार में सुनवाई नहीं हो रही है।
सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर स्थानीय जनता बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए आज भी तरस रही है।
उन्होंने कहा कि एक छोटे कर्मचारी को बलि का बकरा बनाकर सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती है, बीकेटीसी के सदस्य सरकार चुनती है तो वहाँ धोखाधड़ी में भी सरकार की ज़िम्मेदारी है, जिस प्रकार राम मंदिर चढ़ावा मामले में पीएमओ अपनी जवाब देही से नहीं बच सकता क्यूँकि ट्रस्ट में नियुक्ति केंद्र सरकार की तरफ़ से हुई थी। चोर को हटा कर डकैतों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, चमोली के पूर्व ज़िलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह और विजेंद्र रावत उपस्थित रहे।

