
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग की घटना का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
देहरादून: शराब ठेके के बाहर जमकर फायरिंग, स्थानीय लोग बैठे धरने पर
पुलिस जांच में सामने आया है कि फायरिंग की वजह बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान हुआ पुराना विवाद और उसी से चली आ रही रंजिश थी। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पांच पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और घायलों समेत प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि तीन जुलाई की रात करीब नौ बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर कमेंद्र शर्मा अपने साथियों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ मौजूद था। इसी दौरान तीन-चार युवक वहां पहुंचे और पिस्टल से दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली नवीन राणा के कंधे में लगी, जबकि दूसरी गोली कमेंद्र शर्मा के पैर में लगी।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान निवासी कीरतपुर (बिजनौर) और कमेंद्र शर्मा के बीच पहले बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था। उसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच लगातार रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि अक्षय प्रधान और उसके साथी कमेंद्र शर्मा के दोस्त अक्षय को फोन कर लगातार धमकियां और गाली-गलौज कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर कमेंद्र शर्मा अपने साथियों के साथ छह नंबर पुलिया के पास पहुंचा, जहां दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों अरुण कुमार उर्फ छोटू (27), सन्नी कुमार (24) और आदर्श सिंह (19) को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले हैं। वहीं, मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना में प्रयुक्त हथियार समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए जाएंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि फायरिंग की घटना किसी आपराधिक गैंगवार का नहीं, बल्कि पुरानी व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम थी।

