
रामनगर। जनपद नैनीताल के रामनगर क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में चल रहे कथित देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 52 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार रिसॉर्ट में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने टीम गठित कर कार्रवाई की। छापे के दौरान रिसॉर्ट में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित होता मिला। मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट परिसर में बिना लाइसेंस के बार का संचालन किया जा रहा था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में होटल के कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई है। वहीं, रिसॉर्ट का मैनेजर कार्रवाई के दौरान फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

