
तीन वर्ष अथवा अगले आदेश तक संभालेंगे जिम्मेदारी
देहरादून। राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्तराखण्ड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार (पौड़ी गढ़वाल) के कुलपति पद पर डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।
लोक भवन से 11 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में कुलपति के कार्य दायित्वों के संबंध में 15 दिसंबर 2025 को जारी अंतरिम व्यवस्था को निरस्त करते हुए यह नियुक्ति की गई है। उत्तर प्रदेश कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय अधिनियम, 1958 (उत्तराखण्ड राज्य में यथा प्रवृत्त एवं संशोधित) की धारा-11 के तहत गठित अन्वेषण समिति द्वारा प्रस्तुत पैनल से डॉ. भट्ट का चयन किया गया।
आदेश के अनुसार भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नई दिल्ली में विशेष कार्याधिकारी के पद पर कार्यरत डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष अथवा अगले आदेश, जो भी पहले हो, तक के लिए विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है।
राजभवन द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) तथा विश्वविद्यालय प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दी गई है।
डॉ. भट्ट की नियुक्ति को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

