
पहाड़ का सच/एजेंसी।
रायबरेली। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को रायबरेली में एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को लेकर विवादित बयान दे दिया, जिसके बाद राजनीति बबाल मच गया है।
राहुल गांधी ने जनसभा में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आपका प्रधानमंत्री, आपका गृह मंत्री गद्दार है। कांग्रेस ने राहुल गांधी का यह वीडियो खुद सोशल मीडिया पर साझा किया है।राहुल गांधी ने कहा कि जब भी BJP-RSS के लोग आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी-अमित शाह की बात करें तो आप उनसे खुलकर कहिए नरेंद्र मोदी-अमित शाह गद्दार हैं। BJP-RSS गद्दार हैं, क्योंकि आप लोगों ने मिलकर देश को बेचने का काम किया है। BJP-RSS ने संविधान पर, वीरा पासी जी, गांधी जी और अंबेडकर जी पर हमला किया है।
आगे उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। अब आर्थिक तूफान आ रहा है और नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएंगी । वे आपसे कहेंगे, रोएंगे और कहेंगे कि मेरी गलती नहीं है। मैं आपको बता रहा हूं, गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है क्योंकि इन्होंने इसे (संविधान) खत्म किया है।
पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों पर राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव से पहले कहा गया कि पेट्रोल, गैस की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ेंगे। आज जब पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं तो अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान से बाहर भेज रहे हैं। अंबानी रूस से पेट्रोल खरीदकर बाहर बेचते हैं और उस पैसे से वे नरेंद्र मोदी की फंडिंग करते हैं। यह सच्चाई है।
बीजेपी ने किया विरोध
राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी 140 करोड़ देशवासियों को गद्दार बता रहे हैं। वे टुकड़े-टुकड़े गैंग के लीडर हैं और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस बन चुकी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस तरह से पाकिस्तान की भाषा होती है, ठीक उसी तरीके से राहुल गांधी की भाषा है। ऐसे शब्दों का प्रयोग सिर्फ पाकिस्तान और पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी करते हैं।

