
श्रीनगर। पौड़ी जिले के श्रीनगर क्षेत्र में श्रीकोट गैस एजेंसी के पास तीर्थयात्रियों से भरी बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में वाहन चालक समेत कुल सात लोग घायल हो गए, जिन्हें श्रीनगर पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि वाहन संख्या UK08TA4242 रविवार 17 मई 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे हरिद्वार से बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम की ओर जा रहा था, तभी श्री बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रीकोट के पास चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और बोलेरो सड़क पर ही पलट गई।
मिली जानकारी के मुताबिक बोलेरो में सवार 6 तीर्थयात्री मध्यप्रदेश के निवासी हैं और सभी की उम्र 65 वर्ष से अधिक बताई जा रही है, जो चारधाम यात्रा पर निकले थे। वहीं वाहन चालक 53 वर्षीय व्यक्ति है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला बताया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली श्रीनगर पुलिस टीम राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी को बेस हॉस्पिटल श्रीनगर पहुंचाया गया, जहां घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही श्रीनगर पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि पर्वतीय मार्गों पर वाहन बेहद सावधानी से चलाएं और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, क्योंकि पहाड़ी रास्तों पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

