
पहाड़ का सच/एजेंसी।
नई दिल्ली/देहरादून। आम जनता को महंगाई का एक और झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों द्वारा शुक्रवार को देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दी गई है। पेट्रोल की कीमत औसतन ₹3.14 प्रति लीटर बढ़कर ₹97.91 तक पहुंच गई है, जबकि डीजल ₹3.11 प्रति लीटर महंगा होकर ₹90.78 प्रति लीटर हो गया है। सीएनजी की दरों में भी 2 रूपये की बढ़ोतरी की गई है।
नियमित पेट्रोल की कीमत ₹94.77 से बढ़कर ₹97.91 प्रति लीटर हो गई है। प्रीमियम पेट्रोल की कीमत भी ₹102-104 से बढ़कर ₹105.14-107.14 प्रति लीटर पहुंच गई है। इसी तरह नियमित डीजल ₹87.67 से ₹90.78 प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हाल ही में संकेत दिया था कि महंगे क्रूड ऑयल के कारण तेल कंपनियों को भारी नुकसान हो रहा है। कंपनियों का दावा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के चलते रोजाना लगभग 1,000 करोड़ रुपये का घाटा उठाना पड़ रहा था।
मंत्री ने चेतावनी दी थी कि अगर खुदरा कीमतें नहीं बढ़ाई गईं तो एक तिमाही में घाटा 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल और रुपये की कमजोर मुद्रा ने इस फैसले को मजबूर किया।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि सीधे परिवहन, लॉजिस्टिक्स और कृषि क्षेत्र को प्रभावित करेगी। इससे ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने के कारण जरूरी वस्तुओं के दाम भी बढ़ सकते हैं। आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, खासकर मध्यम वर्ग और ग्रामीण क्षेत्रों में जहां डीजल का उपयोग कृषि मशीनरी और ट्रांसपोर्ट के लिए ज्यादा होता है।
उत्तराखंड में पेट्रोल के दाम
राजधानी देहरादून में पेट्रोल के दाम दो रुपए 68 पैसे बढ़कर 96 रुपए 23 पैसे प्रति लीटर हो गया है।
हरिद्वार में पेट्रोल के दाम दो रुपए 72 पैसे बढ़कर 95 रुपए 41 पैसे प्रति लीटर हो गया है।
नैनीताल में पेट्रोल के दाम तीन रुपए 19 पैसे बढ़कर 96 रुपए 30 पैसे प्रति लीटर हो गया है।
डीजल के दाम
देहरादून में डीजल के दाम दो रुपए 91 पैसे बढ़कर 91 रुपए 35 पैसे प्रति लीटर हो गया है।
हरिद्वार में डीजल के दाम तीन रुपए 10 पैसे बढ़कर 90 रुपए 63 पैसे प्रति लीटर हो गया है।
नैनीताल में डीजल के दाम तीन रुपए 24 पैसे बढ़कर 91 रुपए 27 पैसे प्रति लीटर हो गया है।

