
प्रतिबंधित घाट क्षेत्र में गए थे 4 दोस्त नहाने, चेतावनी बोर्ड को भी किया नजरअंदाज
ऋषिकेश। थाना मुनिकीरेती स्थित पांडु पत्थर क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, गंगा नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक 16 वर्षीय किशोर पानी के तेज बहाव में आकर डूब गया।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। रात होने पर अभियान रोकना पड़ा। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि पानी में लापता किशोर की पहचान आशीष कुमार, उम्र 16 वर्ष, पुत्र ओम प्रकाश, निवासी सागरपुर, जनकपुरी, नई दिल्ली के रूप में हुई है। आशीष कक्षा 11 का छात्र था और अपने दोस्तों के साथ गंगा नदी में स्नान करने पहुंचा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों दोस्त नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान आशीष अचानक गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही क्षणों में आशीष पानी में ओझल हो गया।
जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह प्रतिबंधित घाट क्षेत्र बताया जा रहा है, जहां पहले से चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ने रेस्क्यू उपकरणों के साथ तलाशी अभियान चलाया। रात होने और नदी में विजिबिलिटी लगभग शून्य होने के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। देर रात तक किशोर का कोई पता नहीं चल पाया।

