
पौड़ी। उत्तराखंड में वन्यजीव और मानव के बीच बढ़ता संघर्ष अब गांवों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ताजा मामला जनपद पौड़ी के विकासखंड एकेश्वर के अंतर्गत ग्रामसभा भरपूर में स्थित गांव भरपूर से सामने आया है, यहां एक महिला पर पहले से घात लगाए बाघ ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें वो बाल – बाल बच गई।
उक्त घटना 12 मई की है, महिला का नाम हेमलता नेगी है, उन्होंने बताया कि वो गोशाला से गोबर निकाल कर घर के पास फेंकने गईं थी, जैसे ही वो पीछे मुड़ी पीछे से बाघ ने हमला कर दिया, गनीमत रही कि बाघ के पंजे में कुर्ता आया और वो बुरी तरह से फट गया। इसी बीच उसने शोर मचा दिया, शोर सुनकर आसपास के लोग भी आ गए, और बाघ भाग गया, और महिला की जान बच गई। दिन दहाड़े हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है।
हेमलता नेगी ने बताया कि दो तीन पहले बाघ ने उनकी पालतू गाय को भी मार डाला है। लोगों का कहना है काफी दिनों से आसपास के क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। लोगों ने वन विभाग को भी सूचित कर दिया था। पर वन विभाग भी तब तक कोई कार्रवाई नहीं करता है, जब तक कोई बड़ी घटना घटित नहीं हो जाती है।
उक्त घटना से आसपास के गांव दूणी, पीपखोला, मोलखाल, सीम, में भी दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि गांव में वैसे ही बहुत कम लोग बचे हैं, जो बचे भी हैं उनके घर भी काफी दूर है, ऐसे में अगर किसी पर वन्यजीव का हमला भी होता है तो कुछ पता भी नहीं चलेगा।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाने और बाघ को पकड़ने की गुहार लगाई है।

