
पहाड़ का सच देहरादून। प्रतिमायन चौक कालोनी कल्याण समिति वार्ड न. 95 नत्थनपुर (2) देहरादून के नागरिकों ने विधायक ब्रजभूषण गैरोला से भेंट कर समस्यायों के निराकरण की मांग की।
समिति के नरेश चन्द्र कुलाश्री के नेतृत्व में कालोनी समिति के प्रतिनिधिमण्डल के द्वारा डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला से मुलाकात कर उन्हें कालोनी की मुख्य सड़क निर्माण के दौरान छूटे हुए निर्माण कार्य, प्रवेश द्वार पर स्थित विश्राम स्थल पर सड़क किनारे कच्ची नाली में गंदगी, जल भराव एवं दुर्गंध आने, नत्थनपुर मुख्य मार्ग में क्षतिग्रस्त चेम्बरों एवं सड़क धंसने से लोगों को हो रही परेशानी की समस्याओं का उल्लेख करते हुए इन समस्याओं के समाधान किए जाने 5 बिन्दुओं का ज्ञापन दिया गया।

प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों ने विधायक से इन समस्याओं के समाधान हेतु चर्चा करते हुए प्रतिमायन चौक कालोनी एवं कालोनी के प्रवेशद्वार पर सीसी सड़क के छूटे हुए निर्माण कार्य, प्रतिमायन चौक एवं इससे आगे पंचायती शिव मन्दिर मोहकमपुर तक मुख्य सड़क की सतह से नीचे धंसे हुए एवं क्षतिग्रस्त सीवर एवं पेयजल लाइनों के बड़े – छोटे चेम्बरों की मरम्मत एवं सड़क के दोनों तरफ की नालियों की ओर ढाल देकर जल भराव मुक्त डिजाइन से मुख्य सड़क निर्माण करने, उन्नति विहार चौक से लेकर पंचायती शिव मंदिर तक पहले सड़क की दोनों तरफ की क्षतिग्रस्त नालियों की अच्छी तरह साफ-सफाई एवं यथाशीघ्र दोनों तरफ पक्की नालियों का निर्माण कराए जाने का अनुरोध किया गया।
डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को बताया कि वैष्णो देवी-शनि मंदिर तिराहे से पंचायती शिव मंदिर मोहकमपुर तक बन रही डामरीकृत मुख्य सड़क निर्माण कार्य के दौरान अभी तारकोल मिश्रित सड़क निर्माण सामग्री की प्रथम परत डालकर सड़क बनाई गई है। यदि कहीं पर सड़क धंसी हुई है एवं चेम्बर क्षतिग्रस्त हैं तो उन्हें तारकोल मिश्रित सड़क निर्माण सामग्री की दूसरी परत डालने से पहले ठीक किया जाएगा और फिर तारकोल मिश्रित सड़क निर्माण सामग्री की दूसरी परत डालकर जल भराव मुक्त डामरीकृत सड़क का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने प्रतिमायन चौक कालोनी की अन्य समस्याओं का भी यथाशीघ्र समाधान किए जाने का आश्वासन दिया। सभी समस्याओं पर हुई सार्थक चर्चा एवं समस्याओं के यथाशीघ्र समाधान के आश्वासन मिलने पर प्रतिनिधि मण्डल के सभी सदस्य संतुष्ट नजर आये और उन्होंने विधायक का आभार व्यक्त कर उन्हें धन्यवाद दिया।
प्रतिनिधि मण्डल में नरेश चन्द्र कुलाश्री के अतिरिक्त राधाकृष्ण पन्त, रामलाल पैन्यूली, विजेन्द्र पाल सिंह भण्डारी, हरीश चन्द्र हटवाल एवं मधु प्रसाद सती सम्मिलित थे।

