
पहाड़ का सच/एजेंसी।

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। इस भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि विवेक विहार फेज-1 में चार मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना तड़के करीब तीन बजकर 48 मिनट पर मिली, जिसके बाद पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे। तुरंत ही बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
ऐसी आशंका जताई जा रही की एसी ब्लास्ट से घर में आग लगी है। हालांकि, अभी मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि आग लगने की असल वजह क्या है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। फायर कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना तड़के 3:48 बजे मिली थी, करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, एक शख्स गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में 60 वर्षीय अरविंद जैन, उनकी पत्नी अनीता जैन (58), बेटा निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और डेढ़ साल का मासूम आकाश जैन शामिल हैं। इस एक हादसे ने एक साथ तीन पीढ़ियों को खत्म कर दिया । दादा-दादी, माता-पिता और नन्हा बच्चा, कोई भी नहीं बच सका। इमारत की पहली मंजिल पर रहने वाली 45 वर्षीय शिखा जैन भी इस हादसे की शिकार हो गईं। आग और धुएं के बीच वह बाहर नहीं निकल पाईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं तीसरी मंजिल पर रहने वाले एक और परिवार की भी आग में जान चली गई. यहां 50 वर्षीय नितिन जैन, उनकी पत्नी शैलेय जैन (करीब 48 वर्ष) और 25 वर्षीय बेटा सम्यक जैन की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि यह परिवार भी आग लगने के समय घर के अंदर ही था और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब 14 से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ लोग पीछे के फ्लैट में फंसे होने की आशंका थी, हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी के अंदर फंसे होने से इनकार किया है।

