CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), quality = 82?

नई टिहरी। जिले के लंबगांव थाना क्षेत्र में एक महिला शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि उनके ईसाई धर्म से जुड़े होने के कारण उनके घर को निशाना बनाते हुए आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना ने न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि पूरे प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रतापनगर निवासी पीड़िता रोबिना का आरोप है कि वह 15 वर्षों से प्रतापनगर क्षेत्र में स्कूल का संचालन कर रही है। गांव के ही कुछ कट्टरपंथी विचारधारा वाले लोगों ने उनके ईसाई धर्म को लेकर नफरत पाल रखी थी, और गांव वालों को भड़काया। जिसके चलते 24 अप्रैल की रात्रि को भीड़ ने उनके घर पर हमला किया और घर के सामान को बाहर फेंककर आग के हवाले कर दिया। जिसमें घर का कीमती सामान, जरूरी दस्तावेज और वर्षों से जमाई गृहस्थी जलकर खाक हो गई। साथ ही भीड़ ने उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी हैं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसने मामले में लंबगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन ने कोई ऐक्शन नहीं लिया। वीडियो साक्ष्य होने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जिसके चलते शिक्षिका सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंची।
पीड़िता ने जिलाधिकारी और एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित महिला ने डीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं डीएम नितिका खंडेलवाल ने एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता को जांच अधिकारी नामित किया है। उन्होंने एसडीएम को मामले की शीघ्र निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध करने के निर्देश दिए हैं।

