
पहाड़ का सच/एजेंसी।

विरुधुनगर। तमिलनाडु के विरुधुनगर के निकट स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कम से कम 23 श्रमिकों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस और अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार, घायल हुए छह लोगों में से चार की हालत नाजुक है और उनका विरुधुनगर सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस पटाखा निर्माण इकाई को नागपुर स्थित पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) से लाइसेंस मिला हुआ है। मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है क्योंकि अब भी अस्पताल में भर्ती लोगों की हालत गंभीर है।
फैक्ट्री में धमाका उस समय हुआ जब लगभग 30 मज़दूर पटाखा बनाने वाली यूनिट में रोज़मर्रा के उत्पादन से जुड़े कामों में लगे हुए थे। कर्मचारियों ने बताया कि धमाके के असर से इमारत का कुछ हिस्सा भी ढह गया।प्रशासन ने FIR दर्ज कर ली है और घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, ज़िला प्रशासन की मदद करने और चल रहे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए एक वरिष्ठ IAS अधिकारी को नियुक्त किया गया है।
वहीं विरुधुनगर के ज़िला कलेक्टर ने बताया कि 23 मौतों में से 19 शवों की पहचान हो चुकी है। इनमें 16 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। छह घायल फिलहाल ICU में भर्ती हैं। अधिकारी ने यह भी बताया कि बचाव अभियान के दौरान एक और धमाका हुआ, जिसमें लगभग 13 लोग घायल हो गए। घायलों में पुलिसकर्मी, दमकल और बचाव दल, राजस्व अधिकारी और वॉलनटिअर्स शामिल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

