
क्या गामा को कोई संकेत मिले हैं,अन्यथा इससे पहले वे कभी भी खुलकर नहीं आए सामने

चर्चा है कि मंत्री गणेश जोशी परिवार के किसी सदस्य को लड़ाना चाहते हैं मसूरी से
पहाड़ का सच देहरादून। क्या देहरादून के पूर्व मेयर व भाजपा नेता सुनील उनियाल गामा को कोई संकेत मिले हैं।अन्यथा उन्होंने कभी भी खुलकर मंत्री गणेश जोशी को चुनौती नहीं दी थी। चार बार के विधायक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की सियासत को चुनौती देकर में पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने यह कहकर सरगर्मी बढ़ा दी है कि यह सीट गणेश जोशी की नहीं, बल्कि भाजपा की है।
गामा का मसूरी विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वह साफ कहते दिख रहे हैं कि ‘यह सीट किसी व्यक्ति की नहीं, भाजपा की है, मैं लडूंगा और चुनाव जीत कर दिखाऊंगा’। गामा का कहना है कि वह काफी पहले से मसूरी सीट पर तैयारी कर रहे हैं। पार्टी फोरम पर भी दावेदारी जता चुके हैं।
हर मौकों पर गामा के पोस्टर-बैनर मसूरी में क्षेत्र में लगते रहे हैं। गामा के अनुसार, मसूरी किसी व्यक्ति विशेष की सीट नहीं है। मैं दावा कर रहा हूं तो कमल के फूल के चिन्ह के साथ ही कर रहा हूं। यह निर्णय पार्टी को करना है-कौन दावेदार उपयुक्त रहेगा। गामा को पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत का करीबी माना जाता है। त्रिवेंद्र के मुख्यमंत्री रहते गामा को भाजपा ने देहरादून मेयर का टिकट दिया था और उन्होंने बड़े मार्जिन से जीत दर्ज की थी।

